डीडीहाट के कस्बों में टिप्पर के जरिए सैनिटाइज करते युवा। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। क्षेत्र के कस्बों में टिप्पर के ऊपर टंकी रखकर सैनिटाइज का कार्य किया जा रहा है। इसकी लोग काफी सराहना कर रहे हैं। देखादेखी सड़क के नजदीकी रहने वाले लोग भी अपने गांव में सैनिटाइज करने की मांग की है।
जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष किशन भंडारी की ओर से विधानसभा क्षेत्र में लोगों को मास्क, सैनिटाइजर मुहैया कराए जा रहे हैं। वह अभी तक 10 हजार लोगों को मास्क और चार हजार से अधिक सैनिटाइजर बांट चुके हैं। अब उन्होंने क्षेत्र के कस्बों को सैनिटाइज करने का नया तरीका अपनाया है। उनकी टीम टिप्पर के ऊपर 12 हजार लीटर की क्षमता का टैंक रख छोटे-छोटे कस्बों के सैनिटाइजर का काम कर रही है। अब तक टीम हाट, शिवा कॉलोनी, नारायणनगर, मिर्थी, सिंगाली, भागीचौरा आदि क्षेत्रों में सैनिटाइज कर चुकी है। पालिका की ओर से भी नगर क्षेत्र में सैनिटाइजर का कार्य किया जा रहा है। इधर डीडीहाट यूथ सोसायटी की ओर से रोटी बैंक के जरिये सोमवार को 400 जरूरतमंद लोगों को भोजन सामग्री बांटी गई। पोस्ट ऑफिस वार्ड में सभासद अमृता नित्वाल, आंबेडकर वार्ड में दीपेश जंगपांगी, सुभाष वार्ड में पूर्व सभासद भूपेश टम्टा, नगर क्षेत्र में लवि कफलिया, पवन टोलिया, प्रकाश बोरा राशन उपलब्ध करा रहे हैं। सोसायटी के अध्यक्ष संजय पंत ने बताया कि मंगलवार सुबह से मजदूरों को चाय भी दी जाएगी।
दवाइयों का छिड़काव कर क्षेत्र को किया जा रहा सैनिटाइज
बनबसा (चंपावत)। ग्राम प्रधान हर्ष बहादुर चंद के प्रयासों से प्रशासन ने ग्राम फागपुर में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया। इसमें ग्रामीण मदन सिंह सामंत, राजेंद्र प्रसाद समेत कई किसान एवं सब्जी उत्पादकों ने सहयोग दिया। नगर पंचायत प्रशासन समेत गुदमी ग्रामसभा में ग्राम प्रधान सुनीता राणा, उपप्रधान भरत प्रसाद आदि ने भी अपने कार्यक्षेत्र में दवाइयों का छिड़काव कराया।