पिथौरागढ़। पंडित गोविंद बल्लभ पंत हिमालय पर्यावरण विकास संस्थान कोसी कटारमल के तत्वावधान में कैलास भू परिदृश्य योजना के तहत समन्वय कार्यशाला हुई, जिसमें योजना के उद्देश्यों की जानकारी दी गई।
विकास भवन सभागार में डीएम एचसी सेमवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में संस्थान के वैज्ञानिक डा. रणवीर सिंह रावल ने कहा कि परियोजना के तहत पायलट क्षेत्रों में किए जा रहे पर्यावरण संरक्षण एवं विकास की कार्ययोजनाओं को कैसे समूचे भू क्षेत्र में क्रियान्वित किया जा सकता है, ऐसी संभावनाओं को तलाशने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया है।
उन्होंने कार्यशाला में आए विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों से इसके लिए सुझाव मांगे और कहा कि संस्थान संबंधित योजनाओं को वैज्ञानिक और तकनीकी सहयोग प्रदान करेगी। नेपाल के प्रतिनिधियों ने सीमा पारीय सहयोग कार्यक्रम की प्रगति से अवगत कराया। परियोजना के सहयोगियों ने कार्य प्रगति और उपलब्धियां बताई।
कार्यशाला में गोरंगघाटी क्षेत्र क्षेत्र के सतत पर्यावरणीय संरक्षण और विकास के लिए जन सहभागिता के साथ विकसित लघु कार्ययोजना को प्रस्तुत किया। डीएम ने पर्यावरण संरक्षण और विकास को अति महत्वपूर्ण बताया। परियोजना के तहत बनाई गई पुस्तक का विमोचन किया। वैज्ञानिक डा. राजेश जोशी, डा. रवींद्र जोशी, डा. जीपी पांडे, डा. आशीष पांडे के साथ ही वन, ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि मौजूद थे।