गंगोलीहाट-जाड़ापानी सड़क में निकली सरिया।
- फोटो : PITHORAGARH
लोनिवि के पीएमजीएसवाई डिविजन की लापरवाही किसी की जान के लिए आफत बन सकती है। गंगोलीहाट-बेड़ीनाग सड़क पर जाड़ापानी के पास कई स्थानों में कॉजवे (सीमेंट का रपटा) में सरिया सड़क पर निकली हुई है।
निर्माण कार्य को लेकर पहले से ही विवादों में रही गंगोलीहाट-बेड़ीनाग सड़क जाड़ापानी में तीन स्थानें में सड़क पर सरिया निकल आई है। एक स्थान पर तो सरिया सड़क से काफी ऊपर उठी हुई है। सड़क पर निकली सरिया हादसों को आमंत्रण दे रही हैं। सरिया में वाहनों के टायर फंस सकते हैं। दोपहिया वाहन सरिया में फंसकर दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं।
इससे पहले भी अमर उजाला इस मामले को उठा चुका है, लेकिन विभाग ने सरिया में कंकरीट नहीं किया है। सड़क पर निकली सरिया को लेकर लोगों में रोष है। रोज इस सड़क पर चलने वाले वाहन सरिया से बचकर निकल रहे है। अनजान वाहन संचालक सरिया की चपेट में आ सकते हैं।
ठेकेदार को जाड़ापानी के पास कंकरीट बिछाकर सड़क पर निकली सरिया को कवर करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। बाकायदा इसके लिए ठेकेदार को पत्र लिखा गया है। सड़क को जल्द ठीक कर लिया जाएगा। -पंकज उप्रेती अवर अभियंता पीएमजीएसवाई