सातशिलिंग-थल मोटरमार्ग पर घटीगाड़ के पास पड़ा गड्ढा
- फोटो : अमर उजाला
सातशिलिंग-थल सड़क पर सफर आसान नहीं रह गया है। सड़क कई जगहों पर खतरनाक हालत में पहुंच चुकी है। खराब सड़क से वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है। बावजूद इसके सड़क की दशा सुधारने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है।
सातशिलिंग से थल तक सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है। छह महीने पहले किया गया हॉटमिक्स उखड़ चुका है। बुंगाछीना के पास घटिगाड़ नामक स्थान पर क्षतिग्रस्त कॉजवे कभी भी हादसे का कारण बन सकता है। इस स्थान पर कार्यदायी संस्था ने कॉजवे को पुनर्निर्माण के लिए तोड़ा, लेकिन फिर से बनाया नहीं। कॉजवे पर बड़ा सा गड्ढा हो गया है। छोटे वाहनों के चैंबर जमीन से टकरा रहे है। इससे कई वाहनों को नुकसान पहुंच चुका है। कई बाइक सवार कॉजवे पर गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
सड़क चौड़ीकरण के लिए 44 करोड़ रुपये मिले थे, जिसका काम कार्यदायी संस्था एडीबी डिवीजन के अधिकारियों और ठेकेदार ने किया था, लेकिन कई स्थानों पर हॉटमिक्स किया ही नहीं गया है। एक साल पहले तत्कालीन कुमाऊं आयुक्त डी सेंथिल पांडियन ने सड़क चौड़ीकरण, सुधारीकरण की जांच करने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए थे। जिलाधिकारी ने जांच कमेटी गठित की है। फिलहाल इस कमेटी की रिपोर्ट अभी सार्वजनिक नहीं हुई है।
हो हल्ला करने वाले अब खामोश
सातशिलिंग-थल मार्ग पर हुए सड़क चौड़ीकरण, सुधारीकरण की जांच के नाम पर भी खूब हो हल्ला हुआ। कई लोगों ने विरोध प्रदर्शन किए, लेकिन अब जब सड़क की हालत बदतर हो गई है तो हो हल्ला करने वाले भी खामोश हैं।