नाशामर्ती (कर्सीला) के बुग्यालों में भेड़ चराने गए ग्रामीण की ग्लेशियर में दबकर मौत हो गई। यह व्यक्ति 24 घंटे तक बर्फ के नीचे दबा रहा। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
बताया गया कि सुवा गांव निवासी मदन सिंह (50) पुत्र रणजीत सिंह भेड़ों को चराने के लिए नाशामर्ती बुग्याल गए थे। 18 जून को वह नाशामर्ती में ग्लेशियर टूटने से उसकी चपेट में आकर दब गए। गांव के लोगों ने अगले दिन 19 जून को मदन सिंह को गंभीर हालत में बर्फ से बाहर निकाला और डोली में बैठाकर अस्पताल के लिए लाने लगे। सोमवार रात जब लोग सोबला पहुंचे थे तो मदन सिंह ने दम तोड़ दिया।
उसके शव का पुलिस ने मंगलवार को पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूर्व जिपं सदस्य आन सिंह रोकाया ने बताया कि उच्च हिमालयी बुग्यालों में इन दिनों तापमान बढ़ने के कारण ग्लेशियरों के टूटने का खतरा बढ़ा है। भेड़पालक इन बुग्यालों में ही भेड़ों को चराने जाते हैं। उन्होंने मृतक के परिजनों को आपदा मद से राहत राशि देने की मांग की है।