पिथौरागढ़। दिवाली के बाद दो दिन रोडवेज को यात्रियों की कमी से जूझना पड़ा है। मंगलवार को भी बस स्टेशन में अमूमन सुनसानी छाई रही। अब बुधवार को भैया दूज और छठ पर्व के मद्देनजर यात्रियों की चहल पहल बढ़ने की उम्मीद है।
पिथौरागढ़ डिपो वर्तमान में पुराने बस बेड़े के सहारे ही चल रहा है और दिवाली इसी बेड़े के सहारे गुजर रही है। डिपो के पास फिलहाल 20 बसें पुरानी हैं, जबकि चार टैंपो ट्रैवलर और 10 बसें कुछ नई कही जा सकती हैं हालांकि नई बसें जल्द आने की उम्मीद है लेकिन जब तक 25-30 नई बसें डिपो को उपलब्ध नहीं होतीं, तब तक खासकर त्योहारी सीजन में विभिन्न रूटों पर यात्रियों को बसों की कमी खलती रहेगी।
गंगोलीहाट-पिथौरागढ़, पिथौरागढ़-धरमघर, पांगला-धारचूला-पिथौरागढ़ आदि विभिन्न आंतरिक मार्गों पर लंबे समय से रोडवेज सेवा का संचालन सुचारु नहीं हो पा रहा है। बसों की कमी से देहरादून द्वितीय और हरिद्वार सेवा का संचालन भी नियमित नहीं रहा है।
इधर पुरानी बसों की उपलब्धता के बावजूद बीते सोमवार और मंगलवार को यात्रियों की संख्या में एकदम कमी आई, जबकि दिवाली के दिन शाम तक काफी संख्या में यात्रियों का आना लगा रहा। अब बुधवार को भैयादूज व छठ पर्व के मद्देनजर अगले एक हफ्ते तक यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।