बलुवाकोट-पय्यांपौड़ी सड़क चौड़ीकरण का काम रोकते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
बलुवाकोट से पय्यांपौड़ी जाने वाली सड़क पर पंतागांव के पास हो रहे सड़क चौड़ीकरण के काम को शनिवार अपरान्ह गांव के लोगों ने रुकवा दिया। सड़क चौड़ीकरण के समय निकल रहा सारा मलबा पंतागांव में घरों में घुस रहा है। इससे पूरे गांव को खतरा हो गया है। 1970 में जब इस सड़क का निर्माण हुआ था, तब सड़क से निकले मलबे की चपेट में आकर तीन मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए थे। सड़क का निर्माण एडीबी कंस्ट्रक्शन डिवीजन कर रहा है। बारिश के मौसम में भी सड़क चौड़ीकरण का काम जारी रहने से लोग गुस्से में आ गए।
पय्यांपौड़ी के वन पंचायत सरपंच चंचल सिंह ऐरी ने कहा कि बारिश के मौसम में हर प्रकार के खनन और निर्माण पर रोक रहती है, लेकिन सड़क के चौड़ीकरण के समय इन मानकों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि गांव में किसी भी परिवार को कोई नुकसान हुआ तो सड़क निर्माण करने वाली एजेंसी जिम्मेदार रहेगी। उन्होंने बताया कि एडीबी के सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता को फोन से जानकारी दी गई और मौके पर आने के लिए कहा गया, लेकिन कोई भी मौके पर नहीं आया। ठेकेदार के कर्मचारी और मजदूर मनमर्जी से जेसीबी की मदद से पहाड़ को तोड़ने में लगे थे।
लोगों के आक्रोश को देखकर मजदूरों ने काम बंद कर दिया। इस दौरान मथुरादत्त भट्ट, जयप्रकाश, ईश्वरी दत्त, शशिधर भट्ट, देवसिंह, लक्ष्मण सिंह, राम सिंह ऐरी आदि लोग थे। उधर, धारचूला के एसडीएम आरके पांडे ने कहा है कि फिलहाल सड़क सुधारीकरण का काम रुकवा दिया है।