मुनस्यारी के मल्ला जोहार के बीआरओ कैंप में बाल काटता श्रमिक।
- फोटो : PITHORAGARH
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। उच्च हिमालयी क्षेत्र में हिमपात के कारण चीन सीमा के लिए बनाई जा रही मुनस्यारी-मिलम सड़क का काम अभी रुका है, लेकिन मौसम अनुकूल होने पर बीआरओ के लास्पा कैंप तक हेलीकॉप्टर से निर्माण सामग्री और खाद्यान्न पहुंचाया जा रहा है।
मुनस्यारी से मिलम के लिए सामरिक महत्व की सड़क का निर्माण किया जा रहा है लेकिन हिमपात के कारण वहां कार्यरत 200 से अधिक मजदूूर लौट आए हैं। पिछले तीन माह से सड़क निर्माण कार्य रुका है। लास्पा में मौजूद बीआरओ के ऑपरेटर और मजदूर बर्फ पिघलने पर केवल जेसीबी की मदद से सड़क कटिंग कर रहे हैं।
पिछले एक सप्ताह से बर्फबारी के कारण वहां पर दो फीट से अधिक बर्फ जमी है। ऐसे में इस समय पोकलैंड से भी कटिंग बंद है। हालांकि उच्च हिमालयी क्षेत्र में मौसम अनुकूल होने पर हेलीकॉप्टर से निर्माण सामग्री और खाद्यान्न पहुंचाया जा रहा है। बीआरओ के अधिकारियों ने बताया कि बर्फ पिघलने के बाद अप्रैल से सड़क कटिंग का काम तेज किया जाएगा।
पंचाचूली नागनीधूरा में हुआ हिमपात
मुनस्यारी/पिथौरागढ़। उच्च हिमालयी क्षेत्र में पिछले चार दिनों से लगातार हिमपात हो रहा है। मंगलवार को भी पंचाचूली और नागनीधूरा में दिनभर हिमपात होता रहा। छिपला की पहाड़ी भी सुबह बर्फ से लकदक नजर आई। हालांकि मुनस्यारी सहित अन्य निचले इलाकों में मौसम सामान्य रहा।