बडारी-कांटेबोरा बौनकोट बदहाल सड़क में आवाजाही करते वाहन।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। बडारी-कांटेबोरा बौनकोट सड़क का काम पूरा न होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने लोनिवि के ईई को ज्ञापन देकर शीघ्र सड़क का निर्माण कार्य पूरा करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने शुक्रवार को लोनिवि के इंजीनियरों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005-06 में स्वीकृत विकासखंड मूनाकोट के बडारी, कांटे, बोरागांव, बौनकोट तक एससीपी योजना के तहत 10 किमी सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। अभी सिर्फ आठ किमी सड़क का काम हुआ है। इसमें छह किमी तक डामरीकरण और दो किमी सड़क में पिछले 14 सालों से सड़क कटिंग का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा ये क्षेत्र नेपाल सीमा से सटा है। सड़क निर्माण कार्य में लगा ठेकेदार सड़क निर्माण को तेजी से नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा सड़क निर्माण के नाम पर पत्थर सरेआम बेचे जा रहे हैं। उन्होंने लोनिवि के ईई से सड़क निर्माण का कार्य तेजी से करने की मांग की है। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्पा, गजी राम, कुलोमणि पंत आदि थे।