मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। बीआरओ ने जौलजीबी-मुनस्यारी में भदेली के पास गोरी नदी के कटाव से ध्वस्त सड़क को ठीक करने का काम शुरू कर दिया है। यहां पर गोरी नदी के उफान में आने के कारण 17 जून की रात को 100 मीटर सड़क बह गई थी।
गोरी नदी के बहाव में दो होटल बह गए थे। सड़क के बहने से मुनस्यारी के क्षेत्र का शेष दुनिया से संपर्क कट गया था। लोग यहां पर शीघ्र सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे।
शुक्रवार को बीआरओ भदेली के पास नदी क्षेत्र से सड़क निर्माण के लिए कटान शुरू कर दिया है। यहां पर बीआरओ गांव की ओर कटिंग कर सड़क का निर्माण कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के बाद गांव की ओर कटिंग न कर गोरी नदी की ओर से सड़क कटिंग का कार्य शुरू कर दिया है।
हालांकि नदी के तल में ही सड़क बनने से अधिक जल स्तर बढ़ने पर सड़क के बहने का खतरा बरकरार रहेगा। सड़क निर्माण का कार्य शुरू होने से इस समय अलग-थलग पड़े क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
1500 रुपये में जीप बुक कर पहुंच रहे हैं भदेली से मुनस्यारी
मदकोट (पिथौरागढ़)। मुनस्यारी-जौलजीबी सड़क के मुनस्यारी की ओर भदेली और बंगापानी की ओर से लुम्ती घरुड़ी में सड़क के गोरी नदी में समा जाने से पूरा क्षेत्र अलग-थलग पड़ा हुआ है।
एक सप्ताह से क्षेत्र में राशन, सब्जी, फल सहित अन्य वस्तुओं की आपूर्ति ठप है। लोग मीलों पैदल चलकर जरूरी सामान कंधों पर या पीठ पर ढोकर गांव तक पहुंचा रहे हैं।
जिन स्थानों पर बीच-बीच में वाहन फंसे हैं, उन स्थानों में दो से पांच किमी सफर के भी दोगुने से अधिक रुपये चुकाने पड़ रहे हैं। स्थिति यह है कि भदेली से मुनस्यारी पहुंचने के लिए लोगों को 1500 रुपये में जीप बुक करनी पड़ रही है।