पिथौरागढ़। युवक मंगल दल तड़ीगांव की ओर से तड़ीगांव में आयोजित यंग राइजिंग फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब टैक्सी यूनियन ने अपने नाम कर लिया है। मुख्य अतिथि विधायक मयूख महर ने तड़ीगांव खेल मैदान निर्माण के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
रविवार को तड़ीगांव के खेल मैदान में हुए खिताबी मुकाबले में टैक्सी यूनियन ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए लंठ्यूड़ा को 3 के मुकाबले शून्य गोल से परास्त कर प्रतियोगिता पर कब्जा जमाया। मैच के प्रथम और दूसरे हाफ में टैक्सी यूनियन के खिलाड़ियाें ने अपना दबदबा बरकरार रखते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
लंठ्यूड़ा की टीम को कुछ मौके मिले पर उन्हें गोल में तब्दील करने में नाकाम ही रही। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि विधायक मयूख महर और विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश जोशी ने आयोजक मंडल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से नई प्रतिभाएं को आगे आने का मौका मिलेगा।
मुख्य अतिथि ने विजेता टीम को ट्राफी प्रदान कर उनके खेल की प्रशंसा की। मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बबलू कुमार रहे। मैच रेफरी की भूमिका यतीश ओझा, राम भट्ट, मनीष और सौरभ ने निभाई। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत, युवक कांग्रेस अध्यक्ष ऋषेंद्र महर, जिला क्रीड़ाधिकारी विनोद सिंह वल्दिया, हेम चंद पुनेठा, देवेंद्र बिष्ट, मनोज, त्रिलोक सिंह महर, अर्जुन, होशियार सिंह समेत तमाम लोग उपस्थित थे।