प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत नाचनी-बांसबगड़ मार्ग के चौड़ीकरण और सुधारीकरण के कार्य में जमकर धांधली हो रही है। इलाके के लोगों ने सड़क सुधारीकरण में हो रही धांधली के जांच की मांग की है।
हुपली के क्षेत्र पंचायत सदस्य जगदीश सिंह बथ्याल ने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा कि पूर्व में भी जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्यों के जांच की मांग की थी लेकिन जांच नहीं हो पाई है। कहा कि पीएमजीएसवाई के तहत 6.58 करोड़ की लागत से 10 किमी सड़क में चौड़ीकरण और सुधारीकरण का कार्य चल रहा है, जिसके तहत सड़क को सात मीटर चौड़ा होना है। सुरक्षा दीवार, कॉजवे निर्माण, सड़क सुरक्षा के लिए दीवार निर्माण, स्क्रबर आदि निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। आरोप है कि निर्माण कार्य में सीमेंट की मात्रा कम डाली जा रही है।
निर्माण स्थल से ही कच्ची सामग्री निकाली जा रही है। बेलसा गांव के जयशंकर जोशी और त्रिभुवन जोशी का कहना है घटिया निर्माण सामग्री डालकर धन को बर्बाद किया जा रहा है, गांव और खेतों के लिए खतरा पैदा हो रहा है। इन लोगों ने निर्माण कार्य की जांच की मांग की है।
उधर, पीएमजीएसवाई धारचूला के अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल का कहना है कि वर्तमान में जूनियर इंजीनियरों के हड़ताल में जाने से निर्माण कार्यों की देखरेख नहीं हो पा रही है। जब तक इंजीनियरों की हड़ताल समाप्त नहीं होती तब तक निर्माण कार्य रोक दिए जाएंगे। निर्माण कार्यों की जांच की जाएगी। मानक के अनुसार निर्माण कार्य न होने पर दोबारा कराए जाएंगे।