जिला मुख्यालय में बृहस्पतिवार सुबह ठीक धूप आते वक्त आसमान कोहरे और धुंध से घिर गया। दोपहर 12 बजे तक धूप नहीं निकली। पूरे दिन कड़ाके की ठंड का असर बना रहा। कई स्थानों पर पाला गिरने से सड़क यातायात में बाधा पहुंचने लगी है। आपदा प्रबंधन विभाग ने पाला वाली सड़कों पर सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। मुनस्यारी में बृहस्पतिवार सुबह न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मुनस्यारी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आपदा प्रबंधन विभाग ने पिथौरागढ़-गुरना, पिथौरागढ़-चंडाक, पिथौरागढ़-कनालीछीना, गंगोलीहाट-बेड़ीनाग, नाचनी-मुनस्यारी, जौलजीबी-मदकोट सड़क को पाले की दृष्टि से संवेदनशील श्रेणी में रखा है।
जिला मुख्यालय के अलावा गंगोलीहाट, बेड़ीनाग, डीडीहाट, मुनस्यारी और धारचूला में भी सुबह के समय कोहरे का प्रकोप बना रहा। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी डा. आरएस राणा ने बताया कि जिला मुख्यालय के साथ साथ डीडीहाट और मुनस्यारी में अलाव जलने लगे हैं। जिला मुख्यालय में सात स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शीतकाल में हिमपात और बारिश की संभावना को देखते हुए आवश्यक सेवाएं बहाल करने के लिए अभी से तैयारी कर ली गई है।