पिथौरागढ़ । जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास निधि से वर्ष 2024-25 में अवमुक्त धनराशि से हुए विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल ने जिलाधिकारी से विभिन्न योजनाओं के तहत प्राप्त प्रस्तावों की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि न्यास निधि से जिन विभागों को विभिन्न विकास कार्यों के लिए धनराशि आवंटित होगी, उन कार्यों की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र करें।
उन्होंने कहा कि जिन कार्यों के वर्क आर्डर हो गए हैं उन्हें शीघ्र पूरा करें। पूर्ण किए गए कार्यों की वीडियो, फोटोग्राफी के साथ ही यूजर चार्ज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा जो कार्य न्यास निधि से किए जा रहे हैं उन स्थानों पर कार्य का नाम एवं मद लागत का बोर्ड भी लगाना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को उप जिलाधिकारियों के नेतृत्व में टीम गठित करते हुए न्यास निधि के तहत कार्यों की गुणवत्ता का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम आरएस धर्मशक्तू, मुख्य शिक्षाधिकारी हरक राम कोहली, जिला खान अधिकारी मयंक आर्य समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।