झूलाघाट के झूलापुल पर चेकिंग के लिए तैनात एसएसबी के जवान
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रविवार को पिथौरागढ़ में होने वाली चुनावी सभा और 15 फरवरी को होने वाले मतदान को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर सख्त पहरा शुरू कर दिया गया है। शनिवार सुबह से ही नेपाल से आने वालों के परिचय पत्र चेक किए जाने लगे और जिसके पास परिचय पत्र नहीं है, उनको पिथौरागढ़ जाने से रोक दिया गया। झूलाघाट बाजार आने वालों को भी नेपाल पुलिस से सत्यापित प्रति दिखानी पड़ रही है। शनिवार सुबह से ही झूलापुल पर कड़ी चेकिंग की गई। लोगों का परिचय पत्र, सामान की गहराई से छानबीन की गई। इस तरह की चेकिंग 15 फरवरी को मतदान संपन्न होने तक जारी रहेगी।
एसएसबी के निरीक्षक जसवंत कुमार ने बताया कि झूलापुल पर पुलिस और एसएसबी के महिला जवानों को तैनात किया गया है। कंपनी मुख्यालय से हर दो घंटे में एक टीम चेकिंग के लिए आ रही है। उन्होंने बताया कि महाकाली के अवैध रास्तों, रबर ट्यूब से पार करने वालों को मौके पर ही गिरफ्तार किया जाएगा। शनिवार से वाहनों की चेकिंग भी तेज कर दी गई है। नेपाल सीमा पर एसएसबी के जवान 24 घंटे सतर्कता बरत रहे हैं।
आज शाम से बंद हो जाएगा अंतरराष्ट्रीय झूलापुल
धारचूला (पिथौरागढ़)। विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारत-नेपाल को जोड़ने वाला अंतरराष्ट्रीय झूलापुल रविवार को शाम छह बजे से बंद हो जाएगा। उसके बाद झूलापुल से आवागमन 16 फरवरी की सुबह छह बजे ही शुरू हो पाएगी। रिटर्निंग अफसर आरके पांडे ने बताया कि चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। झूलापुल बंद होने से नेपाल से भारतीय बाजार में खरीदारी को आने वालों को भारी परेशानी उठानी पड़ेगी। प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया है।