पिथौरागढ़-तवाघाट मार्ग पर मलबा साफ करती बीआरओ की जेसीबी
- फोटो : अमर उजाला
पिछले 24 घंटे में बारिश की रफ्तार में कमी आते ही सड़कों को खोलने का काम तेज हो गया। मंगलवार को जिले की प्रमुख सड़कों पर यातायात सामान्य हो गया है। पिथौरागढ़-तवाघाट हाइवे में यातायात सामान्य होने से लोगों को खासी राहत मिली है। सीमा सड़क संगठन ने सड़क के किनारे गिरे मलबे को हटाने का काम मंगलवार को भी जारी रखा। बीआरओ के द्वितीय कमान अधिकारी आरबी अग्रवाल ने बताया कि सड़क की मरम्मत का काम लगातार चलेगा, जिन स्थानों पर सड़क के किनारे मलबा अटका है उसे जेसीबी से हटाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यदि भविष्य में बारिश होती है तो रोड बंद होने का खतरा न रहे।
थल-मुनस्यारी रोड पर यातायात सामान्य है। मुनस्यारी-जौलजीबी रोड भी खुली है। सातशिलिंग-थल मार्ग पर तीन दिन बाद यातायात सामान्य हो गया है। मंगलवार सुबह पिथौरागढ़ से थल, बेड़ीनाग, मुनस्यारी के लिए वाहनों की आवाजाही होने लगी। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के अनुसार जिले की सभी मुख्य सड़कों पर यातायात सामान्य है। पिथौरागढ़ से टनकपुर और पिथौरागढ़ से हल्द्वानी वाली रोड खुली है। आपदा प्रबंधन कार्यालय के अनुसार इस समय तवाघाट से मांगती वाली सड़क गस्कू के पास और तवाघाट-सोबला सड़क खेत के पास बंद है। यह बात अलग है कि गांवों को जोड़ने वाली आंतरिक सड़कों को खुलने में लंबा समय लग सकता है।
सिर्फ धारचूला में हुई 26 एमएम बारिश
धारचूला। पिछले 24 घंटे में सिर्फ धारचूला में 26 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। पिथौरागढ़, गंगोलीहाट, बेड़ीनाग, डीडीहाट और मुनस्यारी में बारिश की मात्रा शून्य रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में मौसम सामान्य बना रहेगा। 21 जुलाई के बाद फिर से बारिश की संभावना बन रही है।