बनबसा (चंपावत)। बनबसा के आंबेडकर ग्राम फागपुर में इन दिनों बंदरों के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। बंदरों का खौफ इस कदर बढ़ गया है कि वे घरों के अंदर घुसकर खाने-पीने का सामान उठाने के साथ ही लोगों पर हमला करने से भी नहीं चूक रहे हैं जिससे महिलाएं और बच्चे बेहद डरे हुए हैं।
गृहणियों ने बताया कि बंदर रसोई में घुसकर डिब्बे खोलकर रोटियां निकाल रहे हैं और तार पर सुखाए गए कपड़े भी इधर-उधर फेंक रहे हैं। ग्रामीण मदन सामंत ने बताया कि बंदर दुकानों से सामान छीनने के साथ ही स्कूल के पास भी भारी संख्या में जमा हो जाते हैं जिससे शिक्षक, अभिभावक और स्कूली बच्चे सहमे हुए हैं। किरन, सुमन, ममता, तुलसी, मनोज और शौर्य आदि ने बताया कि बच्चों के हाथ से खाने-पीने की चीजें छीनी जा रही हैं। पास की सेना छावनी क्षेत्र में भी बंदर नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजड़ा लगाकर बंदरों को पकड़ने की मांग की है।