अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की भारत यात्रा और गणतंत्र दिवस को देखते हुए एसएसबी ने नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट जारी कर दिया है। नेपाल को जोड़ने वाले झूलापुलों पर सख्त पहरा दिया जा रहा है। पुल से आप-पार जाने वाले हर यात्री के सामान की चेकिंग की जा रही है। एसएसबी को केंद्रीय गृह मंत्रालय से इस आशय का आदेश मिला है। इधर, पुलिस ने भी अपने स्तर से चौकसी कर दी है। स्पेशल आपरेशन टास्क फोर्स (एसओटीएफ) के जवान नेपाल सीमा पर कांबिंग कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा ने बताया कि झूलाघाट, जौलजीबी, बलुवाकोट, धारचूला, पांगला थाने को गणतंत्र दिवस तक विशेष सतर्कता के लिए कहा गया है। उधर, डीडीहाट में एसएसबी 11वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी बरजीत सिंह ने बताया कि धारचूला, बलुवाकोट, जौलजीबी, झूलाघाट झूलापुलों से आने जाने वाले हर यात्री के सामान की चेकिंग की जा रही है।
चंपावत के पुलिस अधीक्षक डीएस कुंवर का कहना है कि भारत-नेपाल के बीच आवागमन के एकमात्र बनबसा मार्ग में सुरक्षा तंत्र चौकस है और जंगल के चोर रास्तों पर भी पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बनबसा के वैधानिक मार्ग पर एसएसबी नियमित चेकिंग कर रही है। जबकि पुलिस की सघन चेकिंग सिर्फ बैराज गेट खुलने पर ही हो रही है। गेट के आफ टाईम में आवाजाही करने वालों से सुरक्षा एजेंसियां कोई सरोकार नहीं रख रही है। गढ़ीगोठ से चांदनी-दोधारा जाने वाले चोर रास्ते को छोड़ कर किसी भी चोर रास्ते पर सुरक्षा एजेंसियों की नजर नहीं है। बता दें कि टनकपुर से बनबसा तक नेपाल बार्डर में आधा दर्जन ऐसे चोर रास्ते हैं, जहां से दोनों देशों के बीच आवाजाही होती है।
सीमा पर हर वक्त रखी जा रही नजर
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तैनात आईटीबीपी के जवानों ने बर्फ के बीच ही गश्त तेज कर दी है। आईटीबीपी के सेनानी केदार सिंह ने बताया कि आईटीबीपी रुटीन गश्त के साथ साथ खास मौकों पर विशेष सतर्कता बरतती है।