विद्युत विभाग ने दिवाली के समय बिजली की सप्लाई निर्बाध बनाए रखने के लिए सब स्टेशनों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। रविवार को 132 केवी सब स्टेशन की मरम्मत के लिए शहर के आधे हिस्से की बिजली सप्लाई बंद की गई। सब स्टेशन के वायर चेक करने, तेल बदलने का काम किया जा रहा है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दिवाली के समय लोड बढ़ने से सब स्टेशन और लाइनों में खराबी आने की संभावना रहती है। यदि समय रहते इनकी चेकिंग कर दी जाए तो समस्या नहीं आएगी।
रविवार सुबह 11 बजे से अपराह्न चार बजे तक सिल्थाम, टकाना बेल्ट की बिजली सप्लाई बंद रही। इस कारण उपभोक्ताओं को खासी दिक्कतें हुई। विद्युत विभाग के अवर अभियंता एनएस बृजवाल ने बताया कि पूरे दिन सब स्टेशन में काम किया गया। इससे दिवाली के समय किसी प्रकार की समस्या नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि विभाग ने दिवाली को देखते हुए अभी से तैयारी कर दी है। दिवाली के समय सब स्टेशन पर लोड पड़ने लगता है।