पिथौरागढ़। सीमांत जिले में शनिवार सुबह जमकर बारिश हुई। इस दौरान धारचूला और मुनस्यारी की चोटियों पर हिमपात हुआ। इसके चलते शनिवार सुबह लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा।
हालांकि शुक्रवार शाम से ही कड़ाके की ठंड पड़ने लगी थी। रात को आसमान बादलों से घिर गया। मध्य रात्रि के बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई जो सुबह तक रही। सुबह छह बजे बाद कुछ देर के लिए मौसम साफ हुआ और बाद में धूप खिली। सुबह साढ़े दस बजे के करीब फिर से रिमझिम बारिश शुरू हो गई। बाद में धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली।
उधर धारचूला के दारमा, व्यास घाटी और मुनस्यारी के हंसलिंग, राजरंभा, पंचाचूली, छिपलाकेदार, खलिया में हिमपात हुआ। शनिवार को धूप निकलने के बाद हिमालयी क्षेत्र बर्फ से लकदक नजर आया। बारिश को फसल और सब्जियों के लिए अच्छा बताया जा रहा है।
कहां कितनी बारिश हुई
पिथौरागढ़ 8 एमएम
गंगोलीहाट 8.5 एमएम
बेड़ीनाग 16.4 एमएम
डीडीहाट 3 एमएम
मुनस्यारी 6.4 एमएम
धारचूला 12.5 एमएम