जिले के कई हिस्सों में रविवार को बारिश हुई। जिला मुख्यालय में अपरान्ह करीब एक बजे तेज हवा और गरज के साथ बौछारें गिरी। अस्कोट में झमाझम बारिश हुई। डीडीहाट, बेड़ीनाग में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। सभी हिस्सों में मौसम में आए बदलाव के कारण गर्मी का असर कम हो गया है। मुनस्यारी में रविवार सुबह करीब एक घंटे तक बारिश हुई। इस दौरान पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा, छिपलाकेदार की पहाड़ियों पर हिमपात हुआ। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर गुंजी से आगे हिमपात की सूचना है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में कुछ इलाकों में गरज वाले बादल सक्रिय होंगे और हल्की तथा मध्यम स्तर की बारिश होगी। एक-दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। इधर, जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय ने फिर से अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अगले 24 घंटे में कुछ इलाकों में अंधड़ आ सकता है। लगातार मौसम खराब रहने से इस बार गेहूं, मसूर की फसल समेटने में दिक्कत आ रही है। पांच हजार फुट से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में अभी फसल समेटने का काम जारी है। कुछ हिस्सों में पिछले दिनों की ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
कहां कितनी बारिश
पिथौरागढ़-1.5 एमएम
मुनस्यारी-8.5 एमएम
गंगोलीहाट-2.0 एमएम
धारचूला-1.0 एमएम