चंपावत। जिला मुख्यालय में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश का असर कारोबार पर भी पड़ा है। ग्रामीण क्षेत्रों से ग्राहकों और कारोबारियों के नहीं पहुंचने से बाजार में रौनक कम रही, जिससे व्यापारी परेशान हैं। व्यापार संघ के अनुसार बारिश के कारण अब तक करीब एक करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार प्रभावित हुआ है।
भारी बारिश के अलर्ट के चलते छह और सात सितंबर को ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग जिला मुख्यालय नहीं पहुंच सके। इसका सीधा असर बाजार के कारोबार पर पड़ा। बारिश के कारण पांच सितंबर को आयोजित फूलडोला मेले के दौरान भी कारोबार फीका रहा। लगातार खराब मौसम के चलते लगभग हर प्रकार का व्यापार प्रभावित हुआ। जिला मुख्यालय चंपावत में करीब एक हजार छोटी-बड़ी दुकानें, फर्नीचर प्रतिष्ठान और किराना स्टोर संचालित हैं। सामान्य दिनों में यहां प्रतिदिन करीब 40 लाख रुपये का कारोबार होता है, लेकिन बारिश के चलते बिक्री में भारी गिरावट दर्ज की गई। फार्मलैंड पिज्जा हाउस के अमित ने बताया कि बारिश के कारण दुकान पर ग्राहकों की संख्या कम रही। ऑनलाइन ऑर्डर में भी गिरावट देखने को मिली।
व्यापार संघ के महासचिव हरीश सक्टा ने बताया कि लगातार बारिश के चलते अब तक कारोबार फीका बना हुआ है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के कारण कारोबारियों को एक करोड़ रुपये से अधिक के व्यापार का नुकसान उठाना पड़ सकता है। उम्मीद जताई कि मौसम साफ होने पर कारोबार की रफ्तार बढ़ेगी।