पूर्णागिरि (चंपावत)। अवकाश के चलते रविवार को मां पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शनिवार शाम से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था जो रविवार भर जारी रहा। रेलवे स्टेशन से लेकर ठूलीगाड़ तक पूरे क्षेत्र में दिनभर गहमागहमी का माहौल रहा।
दोपहर के समय करीब दो घंटे हुई बारिश से धाम क्षेत्र में गर्मी से राहत मिली। मौसम सुहावना होने के कारण श्रद्धालुओं को दर्शन करने में भी काफी सुविधा रही। बारिश के बाद शाम के समय श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ गई जिससे मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लग गईं।
मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी ने बताया कि बारिश से श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत मिली और दर्शन व्यवस्था भी सुचारू रूप से संचालित होती रही। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही हैं।