लोहाघाट (चंपावत)। गल्लागांव-रावलगांव मोटर मार्ग पर मलबा न हटने से ग्रामीणों ने गहरी नाराजगी जताई है। यह मलबा दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है और आवाजाही बाधित कर रहा है।
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) से जल्द मलबा हटाने की मांग की है। करीब दस किलोमीटर लंबे मार्ग पर हाल की बारिश से जगह-जगह मलबा आ गया। मलबे से नालियां चोक हैं, जिससे खतरा बना हुआ है। गल्लागांव से तड़ीगांव तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) और आगे लोनिवि की सड़क है। लोक निर्माण विभाग के ईई हितेश कांडपाल ने बताया कि समस्या की जानकारी मिलते ही मशीन भेज दी गई है, जल्द ही इसका समाधान कर दिया जाएगा।
गल्लागांव-रावलगांव मोटर मार्ग में जगह-जगह मलबा है। वाहन चालक जान जोखिम में डालकर इस मोटर मार्ग में आवाजाही करने को मजबूर हैं। लोगों की दिक्कतों को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर मोटर मार्ग से मलबे को हटाया जाना चाहिए।
-सुमित सिंह माहरा, ग्रामीण
गल्लागांव-रावलगांव मोटर मार्ग में दिनभर सैकड़ों वाहन आवाजाही करते हैं। मार्ग में आया मलबा वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। मार्ग किनारे बनी नालियां भी मलबे से बंद है, बारिश में सारा पानी सड़क में बह रहा है।
-जगदीश चंद्र तिवारी, ग्रामीण