गणाई गंगोली (पिथौरागढ़)। क्षेत्र में हुई बारिश के दौरान लाइन में खराबी आने से 115 गांवों में बिजली गुल हो गई। खराब मौसम में लाइन की मरम्मत करना संभव नहीं था, जिस कारण इन गांवाें की 25 हजार से ज्यादा की आबादी को 12 घंटे तक अंधेरे में रहना पड़ा।
बीते सोमवार को भारी बारिश के दौरान शाम करीब सात बजे गंगोलीहाट और राईआगर के बीच 33 केवीए की बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इस कारण क्षेत्र के 115 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली गुल होने से संबंधित क्षेत्र की 25 हजार से ज्यादा की आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोग देर रात तक बिजली का इंतजार करते रहे लेकिन उन्हें निराश होना पड़ा।
नौलिंग मंदिर में आयोजित महोत्सव में भी सोलर लाइट और टॉर्च की रोशनी में सांस्कृतिक कार्यक्रम करने पड़े। दूसरे दिन मंगलवार सुबह करीब सात बजे लाइन की मरम्मत कर आपूर्ति बहाल की गई, तब जाकर लोगों को राहत मिली। महोत्सव कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र मेहता, पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंदन बाणी ने बताया कि गणाई गंगोली क्षेत्र के लिए थल और गंगोलीहाट सब स्टेशन से लाइन जुड़ी है। दोनों लाइनों में खराबी आना गंभीर है। वहीं, यूपीसीएल के एडीओ आयुष चंद ने कहा कि खराब मौसम में रात के समय लाइन की मरम्मत करना जाना संभव नहीं था। उन्होंने बताया कि सुबह लाइन की मरम्मत कर दी गई थी।