जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर अपनी बारी का इंतजार करते मरीज। संवाद
पिथौरागढ़। एक सप्ताह के बाद जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड शुरू हो गए। अल्मोड़ा से पहुंचे रेडियोलॉजिस्ट ने सोमवार को 55 मरीजों का अल्ट्रासाउंड किया।
जिले में सिर्फ एक रेडियोलॉजिस्ट तैनात है। ऐसे में आम मरीजों के साथ ही गर्भवतियों के लिए अल्ट्रासाउंड कराना चुनौती बना रहता है। स्थायी रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं हो पाने से महिला अस्पताल और जिला अस्पताल में रोस्टर के तहत अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था की गई है। बीते मंगलवार को जिला अस्पताल में तैनात रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड ठप हो गए थे।
इस कारण रोजाना धारचूला, मुनस्यारी, बेड़ीनाग, गंगोलीहाट, कनालीछीना, मूनाकोट सहित जिले के विभिन्न इलाकों से आने वाली गर्भवतियाें और अन्य मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए मजबूरी में प्राइवेट अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा था। स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए परेशानियों का सामना करना न पड़े इसके लिए अल्मोड़ा जिले से रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था की है।