पूर्णागिरि/ टनकपुर (चंपावत)। पहाड़ में हुई भारी बारिश के कारण बाटनागाड़ नाला उफान पर आने से टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा आने से करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे पूर्णागिरि धाम जाने वाले श्रद्धालु और स्थानीय ग्रामीण दोनों किनारों पर फंसे रहे। बूम पुलिस चौकी के जवानों ने पानी का बहाव कम होने पर लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया, जिसके बाद लोनिवि की पोकलेन मशीन ने मलबा हटाकर रास्ता साफ कराया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मार्ग पर 24 घंटे के लिए एक पोकलेन तैनात कर दी है।
बूम पुलिस चौकी इंचार्ज संदीप पिलख्वाल ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे के बाद भारी बरसात शुरू हो गई। करीब 9:30 बजे बाटनागाड़ में पानी के साथ भारी मलबा आ गया और मार्ग बंद हो गया। दोनों ओर श्रद्धालु और लोग फंस गए। पानी उफान पर आने से कई वाहन भी फंस गए।
सूचना मिलते ही टीम वहां पहुंची और लोनिवि के साथ पोकलेन से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया लेकिन दोपहर एक बजे पानी कुछ कम होने पर मलबा हटाया जा सका। पानी कम होते ही फंसे लोगों को रेस्क्यू किया गया। वाहनों को भी निकाला गया। इस बीच लोगों को बारिश होने पर सतर्क रहने पर जोर दिया गया। लोक निर्माण विभाग के एई लक्ष्मण सिंह सामंत ने बताया कि कर्मियों को पोकलेन और जेसीबी के साथ तैनात किया गया है।