पूर्णागिरि (चंपावत)। मां पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं का उमड़ना जारी है। करीब 14 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। दिन में गर्मी से सुबह और शाम को अधिक संख्या में श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लगती रही। संपूर्ण धाम मां के जयकारों से गुंजायमान है।
शुक्रवार को भी मेले में श्रद्धालु सुबह से ही पड़ाव क्षेत्रों में पहुंचने लगे। मेला स्पेशल ट्रेन के साथ ही पैसेंजर, डेमू से भी खासी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। बस, निजी वाहनों से श्रद्धालुओं के जत्थे मां के जयकारों के साथ ठूलीगाड़ पड़ाव में पहुंचते ही दिन भर खासी गहमा गहमी रही। भंडारों में प्रसाद के लिए लंबी लाइन लगती रही। मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी ने बताया कि श्रद्धालुओं का आना जारी है। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वास्थ्य, लाइट आदि सुविधाओं के लिए निरंतर जायजा लिया जा रहा है, श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो इसके लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं। इधर, मंदिर समिति की ओर से भी 24 घंटे मां के दर्शन की व्यवस्था की गई है।