पिथौरागढ़। राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान 31 जनवरी को होगा। इसकी तैयारी के लिए डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने जिला टास्क फोर्स की बैठक ली। उन्होंने सभी तैयारियां समय से पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। जिले के 44017 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के एसीएमओ डॉ. मदन बोनाल ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के लिए जिले में कुल 632 बूथ बनाए गए हैं, जिसमें 18 शहरी, 614 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। जिले में शून्य से पांच वर्ष के उम्र के बच्चों की संख्या 44017 है। 31 जनवरी को बूथ पर पोलियो ड्रॉप पिलाने के बाद एक और दो फरवरी 2021 को घर-घर जाकर पोलियो ड्रॉप पिलाई जाएगी। डीएम ने कहा कि कोरोना काल के दौरान लॉकडाउन के कारण प्रवासी व्यक्ति जिले में आए हैं। इस कारण बच्चों की संख्या बढ़ भी सकती है। उन्होंने इसके लिए नगरीय, ग्रामीण क्षेत्रों में बूथों की संख्या बढ़ाने को कहा। डीएम ने पोलियो दिवस के दिन अधिकतम बच्चों को बूथ पर ही पोलियो ड्रॉप पिलाने के लिए बृहद प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए। उन्होंने पोलियो अभियान कार्य में तैनात मेडिकल स्टाफ को आवश्यकतानुसार मास्क और सैनिटाइजर उपलब्ध कराने को कहा।
भारत में 2011 से नहीं आया पोलियो का कोई मामला
पिथौरागढ़। डब्लूएचओ से आए सर्विलांस मेडिकल ऑफिसर डॉ. मन्नू खन्ना ने बताया कि भारत में वर्ष 2011 से पोलियो का एक भी मामला नहीं आया है। पड़ोसी देश पाकिस्तान एवं अफगानिस्तान में केस मिलने पर सतर्कता के मद्देनजर यह अभियान हमारे देश में चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ जिले में पिछले पोलियो अभियान में बूथ कवरेज बेहतर 78 प्रतिशत रही है। इस बार इसे और अधिक बढ़ाने के लिए प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जिले में कुल 3200 वाइल उपलब्ध हैं, जो 20 प्रतिशत अधिक हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान के लिए कुल 2768 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सेना और अर्द्ध सैन्य बल क्षेत्रों में भी पोलियो ड्रॉप पिलाई जाएगी। जिले में पल्स पोलियो अभियान के लिए कुल 105435 घर चिह्नित किए गए हैं।