डीडीहाट के कुणिया गांव में बही पुलिया
- फोटो : अमर उजाला
डीडीहाट में भारी बारिश से दूनाकोट क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुणिया में काफी तबाही हुई है। विद्यालय जाने वाली एक पुलिया बह गई है और पेयजल लाइन, रास्ते ध्वस्त हो गए हैं। राजस्व टीम ने गांव पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया।
दो और तीन अगस्त को भारी बारिश के चलते पन्ध्याली की पुलिया बह गई है। इससे राजकीय माध्यमिक विद्यालय लेगघाट और प्राथमिक विद्यालय गोलमानू के बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। जो बच्चे स्कूल जा भी रहे हैं वो खतरनाक रास्तों को पार कर पहुंच रहे हैं। पूर्व प्रधान पुष्कर सिंह चौहान ने बताया कि पन्ध्याली और स्कूल जाने वाली पेयजल लाइन पूरी तरह ध्वस्त हो गई है।
रास्ते बह गए हैं। उन्होंने आवागमन के लिए लकड़ी का अस्थायी पुल शीघ्र बनाने और पेयजल लाइन को ठीक करने की मांग की है। एसडीएम वैभव गुप्ता और तहसीलदार एमसी पालीवाल ने बताया कि राजस्व टीम को गांव में हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए भेजा है। पैदल रास्तों और क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को शीघ्र ही ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं।