बाराबीसी क्षेत्र के जनप्रतिनिधि सड़क सुधारीकरण की मांग पर प्रदर्शन करते। संवाद
पिथौरागढ़। बाराबीसी क्षेत्र के विभिन्न गांवों के जनप्रतिनिधि और ग्रामीण सुवालेख-तुलानी सड़क की मरम्मत की मांग के लिए जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर कहा कि इस सड़क पर सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है इसकी जांच होनी चाहिए।
सोमवार को बाराबीसी क्षेत्र के भैंस्यूड़ी, भद्रिकाा, मोडी, बाटुला, पंगरोली, कुसैल, बिछुल सहित अन्य गांवों के जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और डीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि उनके गांवों को जोड़ने वाली सुवालेख-तुलानी सड़क बदहाल है। जगह-जगह गड्ढे बनने से इस पर आवाजाही करना मुश्किल हो गया है। सड़क सुधारीकरण के नाम पर हर साल लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं लेकिन इसकी हालत अब भी दयनीय बनी है। न तो सड़क किनारे झाड़ियों को काटा गया है और न नाली का निर्माण हुआ है।
लोगों ने कहा कि बदहाल सड़क पर इन गांवों की बड़ी आबादी जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने के लिए मजबूर है। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क का सुधारीकरण नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शन करने वालों में भैंस्यूड़ी की प्रधान निर्मला देवी, भद्रिका के अर्जुन सिंह ज्याला, मोडी के भगवान सिंह मारकूना, बाटुला की बबीता, बिछुल की मंजू देवी, बालम सिंह, गिरीश चंद्र, महेश सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।