पिथौरागढ़। टैक्सी संचालकों और व्यापारियों ने पुलिस पर वाहन चालकों के मनमाने चालान का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम सड़कों के किनारे बनी पार्किंग का शुल्क वसूल रही है जबकि पुलिस इन्हीं पार्किंग में खड़े वाहनों का चालान कर रही है।
यहां तक कि अपने बरामदे में खड़े वाहनों का भी चालान किया जा रहा है। टैक्सी संचालकों और व्यापारियों ने यह मनमानी न रुकने पर सोमवार को चक्काजाम और बाजार बंद का एलान किया है।
देवभूमि टैक्सी ऑनर्स वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष नवल किशोर और व्यापार संघ अध्यक्ष तपन रावत के नेतृत्व में टैक्सी चालक और व्यापारी कलक्ट्रेट और एसपी कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। नगर में सड़कों के किनारे सफेद पट्टी के बाहर वाहनों को खड़े करने का नियम तय है।
इसके बाद भी पुलिस पट्टी से बाहर खड़े वाहनों का चालान कर वाहन संचालकों और स्वामियों से अवैध वसूली कर रही है। कहा नगर निगम ने नगर में वाहनों को पार्क करने के लिए पार्किंग स्थल तय किए हैं।
निगम वाहन स्वामियों से पार्किंग शुल्क ले रही है। इन्हीं पार्किंग स्थलों में वाहन खड़े करने पर पुलिस वाहनों का चालान कर रही है जो अव्यवहारिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस बरामदे में खड़े वाहनों का भी चालान कर वाहन स्वामियों को परेशान कर रही है।
आरोप है कि पुलिस ने कई वाहन मेकेनिकों का 10 हजार रुपये से अधिक का चालान कर दिया। कहा कि ये मैकेनिक बरामदे में वाहन खड़े कर इनकी सर्विसिंग कर रहे थे। भारी-भरकम चालान से मेकेनिकों की पूरे महीने की कमाई पुलिस ले रही है। इस दौरान वाहन संचालकों और व्यापारियों ने डीएम और एसपी को ज्ञापन भी दिया। ्रवहां पर कैलाश पांडे, माही सौन, त्रिलोक सिंह महर, भुवन चंद, बलराज महर, चंद्र सिंह लुंठी, संजय सिंह महर, गणेश जंग, राजेश खनका, मनोज ठकुराठी आदि शामिल रहे।