अस्कोट (पिथौरागढ़)। वन विभाग ने अस्कोट में सेना भर्ती की ट्रेनिंग ले रहे युवाओं को फायर सीजन की जिम्मेदारी सौंपी है। विभाग ने युवाओं को फायर सीजन की सामग्री उपलब्ध करा दी है। वन क्षेत्राधिकारी केआर टम्टा ने कहा कि भर्ती से पूर्व ट्रेनिंग ले रहे युवा वन पंचायत खोलियागांव में 5 हेक्टेअर भूमि में लगाए गए पौधों को आग से बचाने का कार्य करेंगे। इसके लिए युवाओं को फायर विटर, बांस के रेसर आदि सामग्री प्रदान की है।
वन पंचायत भूमि में पॉलिथीन टैंक बनाने के लिए पॉलिथीन उपलब्ध कराया गया है। जिस टैंक की चौड़ाई 10 मीटर और लंबाई 18 मीटर की होगी। जिसमें 10 हजार लीटर पानी एकत्र किया जाएगा। एकत्रित पानी से जहां आग बुझाने में सहायता मिलेगी वहीं वन जीवों को भी पानी उपलब्ध हो जाएगा। इस मौके पर सूबेदार बलवंत सिंह नेगी, सैनीपातल के सरपंच धन सिंह खोलिया, वन दरोगा रमेश चंद्र जोशी, नंदा बल्लभ गौला समेत तमाम लोग मौजूद थे।