चंपावत। नगर के भाजपा जिला कार्यालय में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने आंबेडकर के विचारों को अपनाने और सामाजिक समानता को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष सूरज कुमार की अध्यक्षता और दीपक कुमार के संचालन में हुआ। मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष और जिला प्रभारी रामपाल सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहेब के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प अर्पित करने के साथ किया। इस दौरान रामपाल सिंह ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर भारतीय संविधान के प्रमुख निर्माता और समाज सुधारक थे। विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने आंबेडकर के सामाजिक सुधार आंदोलनों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें समाज के लिए मार्गदर्शक बताया। कार्यक्रम में नगर पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय, योगेश गौतम, कैलाश अधिकारी, सुनील पुनेठा, विजय कुमार, विकास साह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।