जौलजीबी मेले में मंगलवार की रात लोक गायक गोविंद दिगारी के नाम रही। उन्होंने हिंदी और कुमाऊंनी गीतों में काफी देर तक दर्शकों को झूमने के लिए मजबूर कर दिया। लाली हो लाली हौसिया, पधानी लाली तीले धारो बौला.... गीत पर तो दर्शक अपनी सीटों पर ही नाचने लगे। गोविंद दिगारी अपनी पूरी टीम के साथ कार्यक्रम पेश करने के लिए पहुंचे थे। उनका मेला आयोजन समिति ने भव्य स्वागत किया।
जौलजीबी मेले में अब सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मचने लगी है। मुख्य अतिथि धौलीगंगा पावर प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक वीके सिंह थे। विशिष्ट अतिथि धौलीगंगा पावर प्रोजेक्ट के मुख्य अभियंता बेदीराम थे। दोनों अतिथियों का एसडीएम पारितोष वर्मा ने स्वागत किया। दिन में रं कम्युनिटी स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, विद्या मंदिर और मल्लिकार्जुन स्कूल के बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुति दी। इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी हो रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन लक्ष्मण बिष्ट, शंकर भट्ट, करन थापा ने किया। कार्यक्रम में समाजसेवी लीला बनग्याल, शकुंतला दताल, दौलत पाल समेत तमाम लोग थे।