पीएम के आदि कैलाश और पार्वती कुंड के दर्शन के लिए बनेगा अलग स्थान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश दर्शन के लिए ज्योलिंगकांग में एक ऐसे स्थान स्थान को चिह्नित कर विकसित करने की तैयारी की जा रही हैं जहां से वे आदि कैलाश और पार्वती कुंड के एक साथ दर्शन कर सकें। वहीं वर्तमान में गुंजी से कुटी तक 19 किमी सड़क पर डामरीकरण का कार्य भी पूरा हो गया है। इससे आगे भी सड़क पर हॉटमिक्स करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। गणेश नाले को भी ठीक किया जा रहा है। आदि कैलाश में हेलीपैड का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं आदि कैलाश और नाभीढांग ओम पर्वत के दर्शन के लिए गए पर्यटकों के दल ने बताया कि नाभीढांग ओम पर्वत में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए कोई तैयारी नहीं दिख रही है। पर्यटकों ने बताया कि ओम पर्वत में इस बार बर्फ भी काफी कम हो गई है और पूरा ओम पर्वत काला नजर आ रहा है।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे से संवरने लगी सोरघाटी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों के कारण जिला मुख्यालय की सड़कें संवरने लगी हैं। जनता भी दुआएं कर रही है कि काश! ऐसे वीआईपी दौरे हर छह माह में होते रहते। प्रधानमंत्री मोदी का 11 अक्तूबर को धारचूला के चौदास घाटी में स्थित नारायण आश्रम में रात्रि प्रवास का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद अगले दिन प्रधानमंत्री व्यास घाटी के आदि कैलाश और ओम पर्वत का दर्शन करेंगे। इस दौरान वह स्थानीय लोगों से भी वार्ता करेंगे। 12 अक्तूबर को ही उनका पिथौरागढ़ स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनसभा का कार्यक्रम प्रस्तावित है। हालांकि अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट है। नैनीसैनी हवाई पट्टी से स्टेडियम तक हॉटमिक्स का कार्य किया जा रहा है।
आंतरिक सड़कें टकाना, लिंक रोड, जीआईसी रोड, घंटाकरण आदि जगहों पर भी हॉटमिक्स का कार्य तेजी से किया जा रहा है। स्टेडियम के पास दीवारों पर कुमाऊंनी संस्कृति को बढ़ावा देने वाले चित्र उकेरे जा रहे हैं। नारायण आश्रम और व्यास घाटी में भी तैयारियां तेजी से चल रही हैं। भाजपा संगठन भी पूरी तैयारी में जुटा हुआ है।