मुनस्यारी में खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन देते प्राथमिक शिक्षक
- फोटो : अमर उजाला
प्राथमिक शिक्षकों ने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार को ब्लॉक मुख्यालयों पर धरना दिया और राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजे। विण ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित धरने के समय जिला मंत्री जेपी वर्मा की अध्यक्षता में सभा हुई। इसमें नेत्र सिंह कोरंगा, दीपक पंत, सुरेश कार्की, बसंत गिरी, ललित बसेड़ा, अंशुमन पंत आदि शामिल हुए। संगठन के जिलाध्यक्ष जितेंद्र वल्दिया धरना कार्यक्रम में भाग लेने देहरादून गए हैं।
मुनस्यारी में प्राथमिक शिक्षक संघ ने उपशिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने धरना दिया और राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। शिक्षकों की मांग है कि पुरानी पेंशन व्यवस्था को फिर से बहाल किया जाए, छठे वेतन आयोग की विसंगतियों को दूर कर शीघ्र सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू किया जाए। शिक्षा और शिक्षकों की समस्याओं को हल करने के लिए राष्ट्रीय प्रारंभिक शिक्षा आयोग का गठन किया जाए।
प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष चंदन भैंसोड़ा ने कहा कि शिक्षकों से जुड़ी इन समस्याओं का समाधान लंबे समय से नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि जल्दी समस्याएं हल नहीं हुई तो बड़े स्तर का आंदोलन किया जाएगा। धरने पर पूरन भट्ट, रमेश नेगी, रमेश बृथ्वाल, चंद्र सिंह बृजवाल, विमला द्विवेदी, विमला रावत आदि बैठे। गंगोलीहाट में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने शिक्षकों ने धरना दिया। धरने पर भूपेंद्र गोस्वामी, महेंद्र वल्दिया, जीवन वर्मा, धीरेंद्र रावल, जीवन नेगी, विमला वर्मा, गिरीश पाठक, कमला मेहरा आदि थे।