पिथौरागढ़ में अधिकारियों की बैठक लेते बीएसएनएल के जीएम एके गुप्ता
- फोटो : अमर उजाला
भारत संचार निगम के महाप्रबंधक एके गुप्ता का कहना है कि इंडिया नेट योजना के तहत कुमाऊं मंडल के चार विकासखंडों की सभी ग्राम पंचायतों को इंटरनेट सेवा से जोड़ने का काम अंतिम चरण में है। दिसंबर से इन गांवों के लोगों को इंटरनेट की सुविधा मिल जाएगी। अल्मोड़ा जिले के हवालबाग, ताकुला, बागेश्वर जिले के बागेश्वर, चंपावत जिले के लोहाघाट में इस समय ऑप्टिकल फाइबर लाइन बिछाने का काम चल रहा है। अगले चरण में पिथौरागढ़ जिले के बेड़ीनाग विकासखंड को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
शनिवार को यहां पहुंचे महाप्रबंधक ने पत्रकार वार्ता में कहा कि दूरदराज के इलाकों को संचार सेवा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। पिथौरागढ़ जिले के धारचूला विकासखंड में संचार सेवा से वंचित इलाकों में अब बीएसएनएल वीटीएस प्रणाली का उपयोग करेगा। इस प्रणाली में लाइन बिछाने की जरूरत नहीं होती। सेटेलाइट से संचार नेटवर्क जुड़ जाता है। गुप्ता ने कहा कि बीएसएनएल जल्द ही अपनी तकनीक में ज्यादा सुधार ला रहा है और थ्री जी तथा ब्राडबैंड की गति तेज हो जाएगी। कुछ इलाकों में बीएसएनएल की सेवाओं में कमियों की जो शिकायत आ रही है, उसे दूर किया जाएगा।
उन्होंने दावे के साथ कहा कि अधिकांश लोग बीएसएनएल की सेवाओं पर भरोसा करते हैं। इसी कारण बीएसएनएल के ग्राहकों की संख्या अन्य संचार कंपनियों की तुलना में बहुत ज्यादा है। उन्होंने यहां के अधिकारियों से बीएसएनएल की सेवाओं के बारे में जानकारी हासिल की और निर्देश दिए कि यदि किसी स्तर पर कोई खराबी आती है तो उसे शीघ्र दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को ज्यादा निष्ठा और मेहनत से काम करना होगा।