कनालीछीना विकासखंड के ध्वज जयंती मंदिर में पूजा-अर्चना करते डीएम आशीष कुमार भटगांई। स्रोत : सूच
पिथौरागढ़। सबकुछ ठीक रहा है जिले के सात मंदिर मानसखंड मंदिर माला मिशन में शामिल होंगे। ध्वज मंदिर को भी मानखंड मंदिर माला मिशन में शामिल करने की पहल शुरू हुई है। डीएम ने कहा कि जल्द ही जिले की आस्था के केंद्र मां जयंती को समर्पित ध्वज मंदिर को भी इस योजना में शामिल करने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
शनिवार को डीएम आशीष कुमार भटगांई प्रसिद्ध ध्वज मंदिर पहुंचे। उन्होंने शिव मंदिर गुफा में पूजा-अर्चना की। इसके बाद 2100 मीटर की ऊंचाई पर मां जयंती के दरबार में पहुंचकर देवी का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने यहां श्रद्धालुओं के लिए की गईं व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह मंदिर धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने यहां पेयजल, रास्ते के सुधारीकरण का आश्वासन दिया।
डीएम ने कहा कि इस मंदिर को मानसखंड मंदिर माला मिशन में शामिल करने के लिए शासन से पत्राचार किया जाएगा। यहां सुविधाओं का विस्तार होने से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। बता दें कि ध्वज मंदिर का उल्लेख मानसखंड में मिलता है। इससे पूर्व पाताल भुवनेश्वर, हाट कालिका, कोटगाड़ी, नाग, मोस्टमानू और थलकेदार मंदिर को मानसखंड मंदिर माला मिशन में शामिल किया गया है। अब ध्वज मंदिर को इसमें शामिल करने की पहल शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी है।