टनकपुर (चंपावत)। नवयुवक रामलीला कमेटी की ओर से गांधी मैदान में भव्य दशहरा महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। महोत्सव 30 सितंबर से 21 अक्तूबर तक होगा। नवयुवक रामलीला कमेटी अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने बताया कि 30 सितंबर को मां शारदा के तट से रामलीला मैदान तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।
इसके बाद एक से सात अक्तूबर तक श्रीमद्भागवत कथा होगी। 25 सितंबर को भूमि पूजन के साथ शुभारंभ और आठ अक्तूबर को सुबह 10 बजे से हवन और भंडारा होगा। नौ और 10 अक्तूबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम, 11 अक्तूबर से श्रीरामलीला मंचन होगा। 20 अक्तूबर को रावण कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। 21 को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन, बंपर लकी ड्रा भी होगा। इस बीच पूर्व मंडी अध्यक्ष हरीश भट्ट के साथ एक शिष्ट मंडल ने पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार से वार्ता की।