पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करते पीआरडी कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों ने मांगों को लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। मांगों को लेकर प्रदेश के वित्त मंत्री प्रकाश पंत और जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया है।
ज्ञापन में इन लोगों ने कहा है कि साल भर काम देने की मांग को लेकर पीआरडी जवान संघर्ष कर रहे हैं लेकिन साल भर काम नहीं दिया जा रहा है। कहा है कि जिले में 380 पुरुष और 51 महिला पीआरडी जवान हैं।
कहा है कि इस वित्तीय वर्ष में सुरक्षा कार्य में केवल 142 जवानों के लिए जिला योजना से बजट स्वीकृत हुआ है। 80 जवान गैर विभागीय मद से ड्यूटी में तैनात हैं। 50 वर्ष से अधिक उम्र के जवानों को बेल्ट और बैच नंबर आवंटित नहीं किए गए हैं। कहा कि जिला योजना की बैठक में प्रभारी मंत्री अरविंद पांडे ने पीआरडी जवानों की सेवा की सराहना करते हुए जिला योजना में प्रस्ताव रखने के निर्देश दिए थे लेकिन कम बजट रखने के कारण सभी को रोजगार नहीं मिल पा रहा है।
दो सौ से अधिक जवानों को काम नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन लोगों के सामने परिवार पालने का संकट खड़ा हो गया है। इन लोगों ने सभी जवानों को वर्ष भर काम देने की मांग की है। प्रदर्शन में नरेंद्र कुमार, बसंत बल्लभ जोशी, हरीश राम, गोपाल राम, विजय कुमार, भगवती जोशी, केशव राम, इंद्र लाल, मनोज कुमार आदि शामिल थे।