पिथौरागढ़ स्थित मस्जिद में वक्फ बोर्ड का विवाद सुलझाने पहुंचे एसडीएम और सीओ। अमर उजाला
- फोटो : PITHORAGARH
वक्फ बोर्ड के आदेश पर प्रशासन ने पिथौरागढ़ जामा मस्जिद कमेटी का चार्ज अख्तर अली को सौंप दिया है। इस दौरान एहतियात के तौर पर मस्जिद के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया था।
मामले के अनुसार, नवंबर 2011 में वक्फ बोर्ड ने अख्तर अली को पिथौरागढ़ जामा मस्जिद कमेटी का प्रभारी नामित किया था। इसके खिलाफ हाजी नसीम ने उच्च न्यायालय में रिट दायर कर दी थी। इस मामले में न्यायालय ने वक्फ के आदेश पर रोक लगा दी थी। बाद में उच्च न्यायालय ने 25 अप्रैल 2019 को हाजी नसीम की रिट खारिज कर दी थी। रिट खारिज होने के बाद वक्फ बोर्ड का आदेश पुन: प्रभावी हो गया। इसके बावजूद अख्तर अली को अभी तक चार्ज नहीं मिल पाया था। इस पर अख्तर अली ने वक्फ को पत्र लिखकर चार्ज दिलाने की मांग की थी।
वक्फ के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अहमद इकबाल ने पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे को जामा मस्जिद वक्फ का चार्ज अख्तर अली को दिलाने के लिए पत्र भेजा था। जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को उपजिलाधिकारी सदर तुषार सैनी और सीओ आरएस रौतेला जामा मस्जिद पहुंचे। उन्होनें वक्फ का चार्ज अख्तर अली को दिलाया। इस बीच एहतियातन पुलिस बल तैनात रहा।
अख्तर अली को वक्फ का प्रभारी नियुक्त होने पर शाहिद खान, मोहम्मद रहबर, हसीब अहमद, शाहिद बख्स, निसार हुसैन, सरफराज अहमद आदि ने खुशी जताई गई।