मनरेगा के मुद्दे पर पिथौरागढ़ में प्रदर्शन करते प्रधान
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानों ने मनरेगा के तहत कराए जा रहे विकास कार्यों में रास्तों के निर्माण के लिए ज्यादा धन देने की मांग को लेकर विकास भवन के सामने प्रदर्शन किया। जिला प्रशासन ने मनरेगा में 60 फीसदी धन जल संरक्षण और शेष 40 फीसदी धन अन्य कामों में लगाने का फैसला लिया है। इससे प्रधान नाखुश हैं। कहा गया कि पीएमजीएसवाई से क्षतिग्रस्त मझेड़ा पेयजल योजना की मरम्मत के लिए धन पीएमजीएसवाई को ही देना होगा।
ब्लॉक प्रमुख अंजू लुंठी के नेतृत्व में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी से मिलने पहुंचे प्रधानों ने मांग रखी कि गांवों में पैदल रास्तों की दशा बेहद खराब रहती है। यदि मनरेगा में ज्यादा धन रास्तों के लिए मिल जाए तो बड़ी राहत मिलेगी। प्रधानों ने कहा कि वह जल संरक्षण के काम को प्राथमिकता से करने के लिए तैयार हैं, लेकिन रास्तों के निर्माण का बजट कम नहीं होना चाहिए। डीडीओ ने कहा कि इस मामले में जिलाधिकारी से वार्ता कर समाधान निकाला जाएगा। प्रदर्शन में दीपक लुंठी, सुरेंद्र कुमार, आशीष हावर्ड, हरीश कुमार, मनोज ठकुराठी, गजेंद्र सिंह, रवींद्र बिष्ट, दीपांशु वर्मा, प्रयाग राज, राजू तिवारी, हर्षमोहन जोशी आदि थे।