मुनस्यारी के मगर में प्रधान भूर्तिंग राधिका देवी को सम्मानित करते जिपं सदस्य जगत मर्तोलिया। स्
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। स्वयं के स्रोत से राजस्व जुटाने के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर ग्राम पंचायत भूर्तिंग की प्रधान राधिका देवी और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी जगत सिंह कोरंगा को जिला पंचायत सदस्य पुरस्कार 2023 से सम्मानित किया गया है। पंचायती राज विभाग की ओर से आयोजित प्रशिक्षण में दोनों को प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिह्न भेंट किया गया।
पंचायती राज विभाग की ओर से न्याय पंचायत मडलकिया के पंचायत घर मगर में तीन दिनी प्रशिक्षण का समापन किया गया। बिर्थी झरने का संचालन ग्राम पंचायत की ओर से करने और ओआरएस पर उल्लेखनीय कार्य कर इस क्षेत्र में राजस्व पैदा करने पर भूर्तिंग ने जिले की पहली पंचायत के रूप में अपनी जगह बना ली है। जिपं सदस्य जगत मर्तोलिया ने ग्राम पंचायत भूर्तिंग को सम्मानित करते हुए उनकी सराहना की।
प्रधान राधिका देवी ने बताया कि दिसंबर 2021 में ग्राम सभा की बैठक में बिर्थी झरने का संचालन का प्रस्ताव पास किया गया था। झरने का अवलोकन करने पर 20 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क लिया जाता है। इस शुल्क से झरने के आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ, हरा भरा और सुविधाजनक बनाया जा रहा है। इस आय से झरने के आसपास के क्षेत्र में रेलिंग लगाई गई है। भविष्य में वहां सीसीटीवी लगाए जाएंगे और पर्यटकों के लिए सुविधा जुटाई जाएगी। वहां मगर की प्रधान विमला देवी, गिन्नी की मीना देवी, समकोट के राजेंद्र सिंह, डोर के कुंवर सिंह राणा, दाफा की प्रेमा देवी, मास्टर ट्रेनर कला नग्नयाल, रेखा धामी, सोनिका बृजवाल आदि मौजूद रहे।
युवाओं को दिया जाता है रोजगार
मुनस्यारी। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी जगत सिंह कोरंगा ने बताया कि बिर्थी झरने को देखने के लिए लगाए गए शुल्क से होने वाली आय से गांव के युवाओं को बारी-बारी से प्रत्येक माह स्वरोजगार दिया जाता है। आय की राशि ग्राम सभा के खाते में जमा होती है। पंचायत एक्ट में उल्लिखित प्रावधानों के तहत शुल्क लिया जाता है। संवाद