चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुपालन में चंपावत विधानसभा क्षेत्र के अमोड़ी और भगीना भंडारी में 33/11 केवी क्षमता के दो नए विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए जाएंगे। इस योजना के तहत अमोड़ी में उपकेंद्र निर्माण पर 54 लाख रुपये और भगीना भंडारी में नौ लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी जिसकी प्रशासनिक प्रक्रिया गतिमान है।
इन उपकेंद्रों के बनने से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में कम वोल्टेज की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय उपभोक्ताओं को अधिक निर्बाध और बेहतर बिजली मिल सकेगी। लंबी दूरी की विद्युत लाइनों पर निर्भरता घटने से आपूर्ति में आने वाले व्यवधान भी कम होंगे।मुख्यमंत्री घोषणा के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए ऊर्जा विभाग के सचिव को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साथ ही वित्तीय व प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर प्रगति रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजने को कहा गया है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि संबंधित विभागों के समन्वय से कार्य सुनिश्चित किया जा रहा है जिससे बड़ी आबादी को सुचारु और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।