यहां का विद्युत कार्यालय दो किलोमीटर दूर नया बस्ती में शिफ्ट कर दिया गया है। इससे उपभोक्ता खासे परेशान हैं। उनको बिजली बिल जमा करने के लिए दो किलोमीटर की दौड़ लगानी पड़ रही है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रभारी तहसीलदार के माध्यम से विभाग को ज्ञापन भेजा और बाजार में कैंप लगाकर उपभोक्ताओं की समस्या का निराकरण करने की मांग की।
विभाग ने अपना कार्यालय सब स्टेशन परिसर में शिफ्ट कर दिया है। यह सब स्टेशन मुख्य बाजार से दो किलोमीटर दूर है। भाजपा ब्लाक अध्यक्ष प्रयाग सिंह पालीवाल के नेतृत्व में ज्ञापन देने पहुंचे उपभोक्ताओं ने कहा कि बाजार से दूर कार्यालय होने से कठिनाई हो रही है। उन्होंने मांग की कि यदि कार्यालय वापस मुनस्यारी नहीं आ सकता तो बाजार में कैंप लगाकर उपभोक्ताओं की समस्या का निराकरण किया जाए। ज्ञापन देने वालों में रतन सिंह नेगी, हिमांशु धर्मशक्तू, ओमकार सिंह, अर्जुन देवली, हरीश दरियाल, दीवान सिंह ज्येष्ठा, नरेंद्र पांगती आदि थे।