प्रदर्शन करते पुंगराऊं घाटी के लोग
- फोटो : अमर उजाला
गत वर्ष कांग्रेस सरकार ने पुंगराऊं घाटी के पांखू क्षेत्र में 132 केवी विद्युत सब स्टेशन बनाने की बात कही थी, मगर इतना समय बीतने के बाद भी क्षेत्र में सब स्टेशन नहीं बन पाया है। इससे भड़के क्षेत्रवासियों ने बृहस्पतिवार को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
पुंगराऊं घाटी एकता मंच के अध्यक्ष दिनेश आर्या के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्षेत्र के दौरे पर आए विधायक नारायण राम आर्य ने पिछले वर्ष पुंगराऊं घाटी में 132 केवी विद्युत सब स्टेशन लगाने की घोषणा की थी, मगर अब भी क्षेत्र के लोग सब स्टेशन की आस लगाए हैं। उन्होंने बताया कि 26 ग्रामसभाओं के लोग लंबे समय से बिजली कटौती और लो-वोल्टेज से जूझ रहे हैं। जनप्रतिनिधियों ने घोषणा तो की, मगर वो हवाई ही साबित हुई।
क्षेत्रवासियों ने क्षेत्र में विद्युत सब स्टेशन लगाने की मांग का ज्ञापन विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता पिथौरागढ़ को प्रेषित किया। कहा कि यदि शीघ्र ही विद्युत सब स्टेशन लगाने की प्रक्रिया शुरू नहीं की जाती है तो आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में राजेंद्र प्रसाद, भगवान राम, भरत प्रसाद, जगदीश कार्की, चंचल कुमार, खीमराम आदि शामिल थे।