लघु जल विद्युत परियोजना का निरीक्षण
- फोटो : अमर उजाला
लघु जल विद्युत निगम के महाप्रबंधक अजय पटेल ने शनिवार को सुरिंगगाड़ में बन रही पांच मेगावाट की बिजली परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना के हेड और पेनस्टॉक के काम पर संतोष जताया, लेकिन पावरहाउस निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने ठेकेदार से कहा कि पावरहाउस का निर्माण जल्दी पूरा किया जाए, ताकि इस वर्ष के अंत तक परियोजना से बिजली का उत्पादन होने लगे और मुनस्यारी एवं आसपास के गांवों को बिजली की सप्लाई इसी परियोजना से की जा सके। इस समय मुनस्यारी को ग्रिड से बिजली मिल रही है।
सुरिंगगाड़ बिजली परियोजना 2013 की आपदा के समय बह गई थी। बाद में लघु जल विद्युत निगम ने नए स्थान पर बिजली परियोजना के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया। परियोजना को सुरक्षित स्थान पर और नदी से काफी दूर बनाया जा रहा है, ताकि परियोजना को बाढ़ से कोई खतरा न हो। जीएम अजय पटेल ने कहा कि परियोजना का निर्माण कार्य समय पर पूरा होना चाहिए। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय-समय पर निरीक्षण करें और काम की गुणवत्ता बनाए रखें। उनके साथ उपमहाप्रबंधक जीएस बुदियाल, अधिशासी अभियंता ऋषि सिंह, उपखंड अधिकारी उमेश जोशी समेत अन्य अधिकारी थे।
बता दें कि 2013 से पहले सुरिंगगाड़ परियोजना से उत्पादन सही तरीके से होता था और मुनस्यारी नगर समेत आसपास के गांवों को इसी परियोजना की बिजली दी जाती थी। आपदा के बाद मुनस्यारी के लिए बिजली ग्रिड से दी जा रही है। इसमें अक्सर व्यवधान आता रहता है।