थल (पिथौरागढ़)। ट्रांसफार्मर फुंकने से आधे बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली गुल रही। इससे कारोबारी और स्थानीय लोग परेशान रहे। बिजली आपूर्ति ठप रहने से कारोबारियों को खासा नुकसान झेलना पड़ा।
मुख्य बाजार में बस स्टेशन के पास सत्यालगांव में स्थापित ट्रांसफार्मर बुधवार सुबह सात बजे फुंक गया। सत्यालगांव सहित आधे बाजार में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे कारोबारियों और स्थानीय लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घाटी क्षेत्र में बिजली गुल रहने से पंखे शोपीस बने रहे और लोगों को उमस भरी गर्मी की मार सहनी पड़ी।
साइबर कैफे, चक्की सहित अन्य बिजली संचालित कारोबार ठप रहा। व्यापारी भुवन भट्ट ने बताया कि फ्रिज में रखी आइसक्रीम बिजली न होने से पिघल गई। देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। यूपीसीएल के अवर अभियंता नवल निखुर्पा ने कहा कि जल्द नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।