पिथौरागढ़। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली एक बार फिर सामने आ गई है। 65 करोड़ रुपये की लागत से बने ल्यूंठूड़ा स्थित बेस अस्पताल में बिजली और वैकल्पिक व्यवस्था फेल होने से डायलिसिस यूनिट ठप हो गई। नतीजतन किडनी के मरीजों को कड़ाके की ठंड और घनघोर अंधेरे में दर्द सहते हुए बिना इलाज लौटना पड़ा।
बेस अस्पताल में हंस फाउंडेशन की ओर से दान में मिली डायलिसिस यूनिट स्थापित है। यहां रोजाना 21 किडनी मरीजों की डायलिसिस होती है। यह सुविधा जिले के मरीजों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है क्योंकि इससे उन्हें हल्द्वानी या दिल्ली नहीं जाना पड़ता। सिस्टम की बदहाल व्यवस्थाएं बार-बार मरीजों की परेशानी बढ़ा रही हैं।
शुक्रवार को भी यही स्थिति बनी। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से सात किडनी मरीज सुबह छह बजे वाहन बुक कर डायलिसिस कराने बेस अस्पताल पहुंचे। इसी दौरान पैनल में खराबी के चलते बिजली गुल हो गई और डायलिसिस यूनिट का संचालन ठप हो गया। मरीज घंटों तक ठंड में इंतजार करते रहे लेकिन बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। जनरेटर भी खराब होने के कारण यूनिट कर्मियों को डायलिसिस कक्ष में ताले लगाने पड़े और मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा।
14 मरीजों को घर पर ही रोका
हंस फाउंडेशन के सहयोग से संचालित यूनिट में सात डायलिसिस मशीनें लगी हैं। यहां रोज तीन शिफ्ट में 21 मरीजों की डायलिसिस की जाती है। पहली शिफ्ट के मरीजों के लौटने के बाद यूनिट कर्मियों ने अन्य मरीजों की परेशानी को देखते हुए फोन कर उन्हें घर से ही आने से रोक दिया। इस तरह 14 मरीजों की डायलिसिस उस दिन हो ही नहीं सकी।
लंबे समय से जनरेटर खराब
बेस अस्पताल में बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए लाखों रुपये का जनरेटर मौजूद है लेकिन यह लंबे समय से खराब पड़ा है। यदि जनरेटर दुरुस्त होता तो बिजली गुल होने की स्थिति में भी डायलिसिस यूनिट चलाई जा सकती थी। इसके बावजूद चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से समय रहते सुधार नहीं किया गया।
सीटी स्कैन भी ठप, निजी क्लीनिकों के चक्कर
घंटों बिजली गुल रहने से बेस अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन का संचालन भी ठप रहा। जांच के लिए पहुंचे कई मरीजों को मजबूरी में निजी क्लीनिकों का रुख करना पड़ा, जहां उन्हें अतिरिक्त धन खर्च करना पड़ा।
कोट
खराबी के चलते बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। इसे ठीक करा लिया गया है। जनरेटर की खराबी भी दूर कर ली गई है। जल्द ही व्यवस्था में सुधार होगा। - डॉ. एके सिंह, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज, पिथौरागढ़
फोटो-09 पीटीएच 13 पी-बेस अस्पताल में बिजली गुल रहने से डायलिसिस यूनिट में लटके ताले। संवाद